दान : करुणा और विवेक का संतुलन


दान भारतीय संस्कृति के सबसे पवित्र कार्यों में से एक माना गया है। किंतु दान का वास्तविक महत्व केवल देने में नहीं, बल्कि देने की भावना में निहित है। जब हम किसी वस्तु, धन या संसाधन का दान करते हैं, तब हमारे मन में उसके प्रति मोह, आसक्ति या स्वामित्व का भाव नहीं होना चाहिए। न ही यह अपेक्षा होनी चाहिए कि इसके बदले हमें पुण्य प्राप्त होगा, समाज में सम्मान मिलेगा या लोग हमारी प्रशंसा करेंगे। सच्चा दान वही है जो निःस्वार्थ भाव से किया जाए, जिसमें देने वाला अपने अहंकार को भी त्याग दे।
लेकिन केवल निःस्वार्थ भावना ही पर्याप्त नहीं है। दान के साथ विवेक का होना भी उतना ही आवश्यक है। यह देखना चाहिए कि जिसे हम दान दे रहे हैं, वह वास्तव में सहायता का पात्र है या नहीं। हमारी दी हुई सहायता का उपयोग किस उद्देश्य के लिए होगा, इसका भी यथासंभव विचार करना चाहिए। यदि हमारी सद्भावना से दिया गया धन किसी गलत कार्य में प्रयुक्त हो जाए, तो दान का उद्देश्य ही समाप्त हो जाता है। इसलिए दान करते समय भावुकता के साथ-साथ समझदारी भी आवश्यक है।
सच्चा दान वह है जो किसी की आवश्यकता को पूरा करे, उसके जीवन में सुधार लाए और उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा दे। दान का मूल्य उसकी मात्रा से नहीं, बल्कि उसके प्रभाव से आँका जाना चाहिए। यदि हमारी सहायता किसी के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और उन्नति का कारण बनती है, तभी वह दान सार्थक कहलाता है।
इसी संदर्भ में एक लोकप्रचलित कथा प्रचलित है। एक बार अर्जुन ने श्रीकृष्ण से कहा, "माधव, आप सदैव कर्ण की प्रशंसा करते रहते हैं। मुझे ऐसा लगता है कि आप उसे मुझसे श्रेष्ठ सिद्ध करना चाहते हैं।"
श्रीकृष्ण मुस्कुराए और बोले, "पार्थ, यदि तुम्हें मेरी बातों पर विश्वास नहीं है तो आज स्वयं देख लो।"
उन्होंने अपनी योगमाया से स्वर्ण के दो विशाल पर्वत प्रकट किए और अर्जुन से कहा, "आज सूर्यास्त से पहले तुम्हें यह समस्त स्वर्ण दान करना है।"
अर्जुन ने लोगों को बुलाया और स्वर्ण बाँटना आरंभ कर दिया। दिन भर लोग आते रहे और स्वर्ण लेते रहे, किंतु पर्वतों का अधिकांश भाग यथावत बना रहा। दूसरी ओर अर्जुन थक चुका था। उसका ध्यान बार-बार इस बात पर जा रहा था कि कहीं कोई व्यक्ति दो बार तो स्वर्ण नहीं ले गया, कहीं वितरण में कोई त्रुटि तो नहीं हो रही।
संध्या के समय अर्जुन ने निराश होकर श्रीकृष्ण से कहा, "माधव, मैं इस परीक्षा का उद्देश्य नहीं समझ पा रहा हूँ।"
तब श्रीकृष्ण ने कर्ण को बुलाया और कहा, "सूर्यपुत्र, इन दोनों स्वर्ण पर्वतों का दान करना है। क्या तुम मेरी सहायता करोगे?"
कर्ण ने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और कहा, "आज से ये दोनों स्वर्ण पर्वत आप सभी के हैं। जिसे जितनी आवश्यकता हो, वह अपनी आवश्यकता के अनुसार स्वर्ण ले जाए।"
इतना कहकर कर्ण वहाँ से चले गए। उन्होंने न किसी का नाम पूछा, न कोई हिसाब रखा और न यह जानने का प्रयास किया कि कौन कितना स्वर्ण ले रहा है।
यह देखकर अर्जुन आश्चर्यचकित रह गए।
तब श्रीकृष्ण ने कहा, "पार्थ, यही अंतर है। जब तुम दान कर रहे थे, तब तुम्हारे मन में 'मैं दाता हूँ' का भाव उपस्थित था। तुम्हारा ध्यान दान से अधिक इस बात पर था कि कौन कितना ले रहा है। किंतु कर्ण ने जिस क्षण दान का निर्णय लिया, उसी क्षण उस स्वर्ण पर अपना अधिकार छोड़ दिया। उसके मन में न स्वामित्व का भाव था, न अहंकार।"
यह कथा हमें बताती है कि दान केवल वस्तु का त्याग नहीं है, बल्कि उससे जुड़े अहंकार और मोह का त्याग भी है। जब तक मन में "मैंने दिया है" का भाव बना रहता है, तब तक दान अधूरा रहता है। किंतु साथ ही यह भी आवश्यक है कि दान उचित व्यक्ति और उचित उद्देश्य के लिए किया जाए, जिससे उसका परिणाम कल्याणकारी हो।
अतः दान का आदर्श स्वरूप करुणा और विवेक के सुंदर संतुलन में निहित है। करुणा हमें देने की प्रेरणा देती है और विवेक यह सुनिश्चित करता है कि हमारा दिया हुआ दान सही दिशा में उपयोग हो। जब ये दोनों गुण एक साथ उपस्थित होते हैं, तभी दान वास्तव में मानवता की सेवा और आत्मिक उन्नति का माध्यम बनता है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

क्षितिज के पार जाना है

मां

✨ It’s good to be confused at times... ✨